किच्छा में सीएम दौरे के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोडवेज बस अड्डा परिसर पर दिया धरना

उधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री के किच्छा दौरे के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोडवेज परिसर में धरना दिया। इस दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

किच्छा में सीएम के दौरे के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोडवेज बस अड्डा परिसर पर धरना दिया। उन्होंने जनता से उत्तराखंड के विकास के लिये कांग्रेस की सरकार बनाने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि किच्छा की लगातार भाजपा सरकार ने उपेक्षा की है। सीएचसी किच्छा में उपचार न मिल पाने के कारण महिला काल का ग्रास बन गई।

इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता आज भाजपा सरकार से त्रस्त है। किसान बदहाल हैं और आत्महत्या को मजबूर हो रहा है। उन्होंने सीएम के किच्छा आने पर पुरजोर विरोध का ऐलान किया।

धरने के दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और धरना दे रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं जबरन उठाकर हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए कार्यकर्ताओं में से अधिकांश को पुलभट्टा ओर कुछ को पंतनगर थाने भिजवा दिया।

इससे पहले धरना दे रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओ को एसपी सिटी देवेंद्र पींचा ने समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे धरने से उठने को तैयार नहीं हुए। इस पर एसपी सिटी ने जबरन उनको उठाने का प्रयास किया तो कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने नारेबाजी करनी शुरू कर दी। इस पर पुलिस ने धरने पर बैठे कार्यकर्ताओ को हिरासत में लेते हुए बस में बैठा दिया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा तफरी का माहौल भी बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *