प्रेस क्लब चुनाव: धूलिया अध्यक्ष व घिल्डियाल बने महामंत्री

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब के चुनाव में विकास धूलिया अध्यक्ष और संजय घिल्डियाल महामंत्री निर्वाचित हुए। इसके अलावा कार्यकारिणी के नौ सदस्य और उपाध्यक्ष पदों पर भी चुनाव हुए। जबकि, चार पदों पर पहले ही निर्विरोध पदाधिकारी चुन लिए गए थे। विजेता प्रत्याशियों की जीत पर सदस्यों ने जश्न मनाया।

प्रदेश के सबसे बड़े उत्तरांचल प्रेस क्लब के चुनाव को लेकर पिछले एक माह से सरगर्मियां चल रही थीं। चुनाव आचार संहिता लगने के बाद 17 पदों के लिए नामांकन हुआ। इस दौरान संयुक्त मंत्री पुरुष पर विकास गुसाईं, महिला पर गीता मिश्र, कोषाध्यक्ष पद पर प्रवीन बहुगुणा, संप्रेक्षक राजकिशोर तिवारी और कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर केएस बिष्ट पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे।

शुक्रवार को 12 पदों के लिए मतदान हुआ। इस दौरान क्लब के 268 में से 242 सदस्यों ने वोट डाले। मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना शुरू हुई। इसमें देर शाम घोषित चुनाव परिणाम में अध्यक्ष पद पर विकास धूलिया को 154 वोट मिले। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी अरुण शर्मा को 66 वोटों से पराजित किया। अरूण शर्मा को 88 वोट मिले।

वहीं, महामंत्री पद पर संजय घिल्डियाल को 181 वोट मिले। उन्होंने प्रतिद्वंदी असद खान को 120 वोटों से पराजित किया। असद खान को 61 वोट मिले।वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर देवेंद्र सिंह नेगी को 183 वोट पड़े। जबकि सुलोचना पयाल को 59 वोट पड़े। कार्यकारिणी सदस्य पद पर नवीन कुमार को सबसे ज्यादा 201, पवन नेगी को 197, हरीश कंडारी को 173, शैलेंद्र सेमवाल को 172, विनोद पुंडीर को 167, गौरव गुलेरी को 162, मंजुल सिंह मजिला 155, नारायण परगांई को 147 और जितेंद्र अंथवाल को 132 वोट पड़े। इस मौके पर चुनाव अधिकारी भूपत सिंह बिष्ट, अभिषेक मिश्र और दिलीप राठौड़ ने निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *