रसोई गैस की हो रही किल्लत, एक-दो दिन में स्थिति ठीक होने का आइओसी ने किया दावा - News Detail

रसोई गैस की हो रही किल्लत, एक-दो दिन में स्थिति ठीक होने का आइओसी ने किया दावा

देहरादून। पटेलनगर में पिछले दो दिनों से इंडेन रसोई गैस की किल्लत हो गई है। भंडारी बाग चौक स्थित चुग गैस एजेंसी में पिछले चार दिनों से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित है। इससे एजेंसी का पूरा स्टॉक खत्म हो गया है। शुक्रवार को भी लोग सिलेंडर के लिए एजेंसी पहुंचे, मगर उन्हें गैस नहीं मिल पाई। हालांकि, आइओसी का दावा है कि एक-दो दिन में स्थिति ठीक हो जाएगी।

चुग गैस एजेंसी के संचालक ने बताया कि मंगलवार से उन्हें गैस सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं हो पाई है। आपूर्ति न होने से गोदाम का स्टॉक गुरुवार को खत्म हो गया। कहा कि शुक्रवार को एजेंसी में 30 से अधिक उपभोक्ता गैस लेने पहुंचे, लेकिन किसी को भी गैस नहीं मिल सकी। सिर्फ गैस की बुकिंग का कार्य ही हो पाया। कहा कि आइओसी का कहना है कि करनाल स्थित आइओसी के प्लांट से गैस की आपूर्ति में थोड़ी दिक्कत आ रही है।

गढ़ी कैंट, कौलागढ़ में भी दिक्कत

गढ़ी कैंट, कौलागढ़ समेत कई अन्य क्षेत्रों में इंडेन गैस की किल्लत बन गई है। गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर गैस सर्विस में पर्याप्त सिलेंडर नहीं होने के कारण यह स्थिति पैदा हो रही। गढ़ी कैंट निवासी निवासी विकास, अमित कुमार ने कहा कि उन्हें बुकिंग किए आठ दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक सिलेंडर नहीं मिला।

दो दिन में आपूर्ति हो जाएगी सुचारू

सुधीर कश्यप (सेल्स मैनेजर, आइओसी) का कहना है कि चुग गैस एजेंसी का मामला संज्ञान में है। प्लांट से गैस की आपूर्ति में कुछ दिक्कतें आई थीं, लेकिन दो दिन में आपूर्ति सुचारू हो जाएगी। जबकि, जीएमवीएन की टपकेश्वर गैस सर्विस ने पिछले कई दिनों से डिमांड नहीं भेजी थी, जिस कारण गैस की कमी बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *