देवभूमि को संघ भी दे रहा विशेष तवज्जो

देहरादून। भाजपा के साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी देवभूमि उत्तराखंड को विशेष तवज्जो दे रहा है। संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत के पांच दिवसीय देहरादून प्रवास को इसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है। इस दौरान संघ प्रमुख ने संघ की शाखाओं के मुख्य शिक्षक स्तर तक के कार्यकर्ताओं में जोश भरा तो उन क्षेत्रों व बस्तियों तक पहुंचने को कहा, जो अभी संघ की पहुंच से दूर हैं। उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गां के प्रबुद्धजनों से मुलाकात कर यह संदेश भी दिया कि संघ को जानना है तो संघ में आकर जानें। दूसरी ओर, लोकसभा चुनाव से ऐन संघ प्रमुख के इस दौरे के बाद कार्यकर्ता उत्साह से लबरेज हैं। माना जा रहा कि उनकी इस सक्रियता का लाभ लोस चुनाव में भाजपा को मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से खास लगाव है और यहां की वादियां अक्सर उन्हें यहां खींच लाती हैं। यही नहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरे भी इसकी तस्दीक करते हैं कि भाजपा के लिए उत्तराखंड बेहद अहम है। हालांकि, संघ के नजरिये से देखें तो हरिद्वार व ऋषिकेश उसके मुख्य केंद्र हैं और राज्यभर में वह अपनी शाखाओं के जरिये लोगों से जुड़ा है। अलबत्ता, अब संघ इस राज्य को विशेष तरजीह दे रहा है। संघ प्रमुख का पांच दिवसीय प्रवास इसे तस्दीक कर रहा है। उत्तराखंड बनने के बाद यह पहला मौका है, जब संघ के किसी प्रमुख ने इतना लंबा प्रवास राज्य में किया। संघ प्रमुख मोहन भागवत चार फरवरी को देहरादून पहुंचे और पांच फरवरी से उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजनों, सेवानिवृत्त अधिकारियों, शिक्षाविदों, संस्कृतिकर्मियों, साहित्यकारों के साथ ही संघ के मुख्य शिक्षक स्तर तक के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।प्रवास के अंतिम दिन प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में उन्होंने हिंदी, हिंदू, हिंदुस्तान का मंत्र दिया। सूत्र बताते हैं कि उनके द्वारा यह भी कहा गया कि संघ को लेकर एक वर्ग विशेष में जो धारणाएं थीं, वह टूटी हैं। यह साफ हुआ है कि संघ किसी का विरोधी नहीं, बल्कि देश में रहने वाले हर व्यक्ति को हिंदुस्तानी मानकर उसके हित में सोचता है।संघ प्रमुख ने यह भी संदेश दिया कि उत्तराखंड के जिन क्षेत्रों व बस्तियों तक संघ की पहुंच नहीं है, वहां तक कार्यकर्ता पहुंच बनाएं। कुल मिलाकर, संघ प्रमुख का यह प्रवास कार्यकर्ताओं में उत्साह भर गया। वह निचले स्तर से लेकर प्रांत स्तर तक के कार्यकर्ताओं मिले और संगठन व उसके कार्यों  को आगे बढ़ाने का मूल मंत्र दिया। जाहिर है कि इससे संघ कार्यकर्ता अधिक सक्रियता से कार्य करेंगे। माना जा रहा कि लोकसभा चुनाव से ऐन पहले यह जोश भाजपा के लिए फायदेमंद रहेगा।संघ प्रमुख डॉ.मोहन भागवत के देहरादून प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें उत्तराखंडी व्यंजन परोसे, जो संघ प्रमुख को खूब पसंद आए। उन्होंने मंडुवे की रोटी, झंगोरे की खीर, लाल चावल का भात जैसे व्यंजनों की तारीफ की। सूत्रों की मानें तो संघ प्रमुख प्रमुख ने कहा कि परंपरागत चीजों को बढ़ावा मिलना चाहिए। ये हमारे विकास का मूल आधार भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *