रुड़की, [जेएनएन]: एसबीआइ बैंक के बाहर लाइन में लगे एक छात्र से दो आरोपी मोबाइल छीनकर फरार हो गये। पुलिस सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।
लक्सर निवासी विपुल शहर के एक स्कूल में 10वीं का छात्र है। विपुल शुक्रवार को जादूगर रोड स्थित एबीआइ के एटीएम से रुपये निकालने के लिये गया था। वह लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान वहां पर दो युवक आये और विपुल के पास आकर खड़े हो गये। इसी बीच विपुल का फोन आ गया। इससे पहले की विपुल कुछ समझ पाता एक आरोपी ने उससे मोबाइल छीन लिया।
छात्र ने शोर मचाते हुए आरोपियों का पीछा किया। इससे पहले की विपुल या बैंक के बाहर अन्य लोग उसे पकड़ पाते दोनों ही आरोपी बैंक के बाहर खड़ी बाइक पर बैठकर फरार हो गये। आसपास के लोगों ने काफी दूर तक प्रयास किया लेकिन सुराग नहीं लग पाया। छात्र के मोबाइल से आरोपी अब उसके घर और अन्य रिश्तेदारों को फोन कर रहे हैं। विपुल के दूसरे फोन पर परिजनों ने उसे यह जानकारी दी। विपुल ने सिविल लाइंस पुलिस को तहरीर दी है।