महिला ने नारी निकेतन जाने से किया इनकार

देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग (दून महिला अस्पताल) में भर्ती विक्षिप्त महिला ने नारी निकेतन जाने से साफ इनकार कर दिया है। बुधवार को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विजय बड़थ्वाल अस्पताल पहुंचीं और विक्षिप्त महिला से बात की। उसने कहा कि उसको बाबा (सुदामा) के साथ ही रहने दिया जाए।बता दें, 18 मार्च को सेलाकुई में पुल के नीचे एक विक्षिप्त महिला प्रसव पीड़ा से कराह रही थी। सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता पूजा बहुखंडी ने 108 एंबुलेंस की मदद से महिला को अस्पताल में भर्ती कराया था। महिला के साथ एक बाबा भी आया, जिसने अपना नाम सुदामा बताया। महिला ने बीती शुक्रवार को अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया था। अगले दिन बाबा ने सभी को यह कहकर हैरत में डाल दिया कि बच्चा उसी का है। संदिग्ध लग रहे बाबा को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ भी की थी।उसे हिरासत में लेने पर महिला ने अस्पताल में हंगामा कर दिया था। इधर, बुधवार को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष दून महिला अस्पताल पहुंचीं और विक्षिप्त महिला से मिलीं। साथ ही उन्होंने नवजात का हाल भी जाना। इस दौरान महिला आयोग की अध्यक्ष ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।जिससे वह काफी हद तक संतुष्ट दिखीं। उन्होंने अस्पताल में भर्ती विक्षिप्त महिला का हाल जाना और उससे बात की। कहा कि महिला को शुक्रवार को नारी निकेतन भेज दिया जाएगा। इस पर विक्षिप्त महिला ने वहां जाने से साफ मना कर दिया। आरोप लगाया कि पुलिस उसको और बाबा को अलग करना चाहती है। जबकि वह बाबा के साथ ही रहना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *