वृद्ध महिला को तीन महिलाओं ने किया बेहोश

देहरादून। हरिद्वार रोड निवासी एक वृद्ध महिला को तीन महिलाओं ने बेहोश कर उनके गले से सोने की चेन हड़प ली। मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, शांति देवी पत्‍नी स्व.केसर सिंह बिष्ट निवासी हरिद्वार रोड ने रविवार को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कुछ दिन पहले वह हरिद्वार रोड पर ईजी डे के पास से गुजर रही थीं। तभी रास्ते में एक लड़की मिली। उसके साथ दो औरतें और थीं। उन तीनों ने पांच-पांच सौ के नए नोट दिखाए।कहा कि इस लड़की ने अपने मालिक के घर चोरी की है, इसके पास बहुत पैसे हैं। यह हमसे चेन खरीद रही है। आप भी खरीदना चाहो तो गले से चेन निकाल कर दे दो। वृद्धा ने बताया कि इस बीच एक महिला ने उनके गले से चेन निकाल कर एक रुमाल में बांध दी और कहा कि इसे घर जाकर खोलना। यह सब चल ही रहा था कि वह अचानक वहीं बेहोश हो गईं। होश आने पर किसी तरह घर पहुंचीं।वृद्धा ने पुलिस को बताया कि तबीयत ठीक न होने के कारण वह वारदात के तुरंत बाद पुलिस को सूचना नहीं दे पाईं। मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही पुलिस ईजी डे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी निकलवा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद ही आरोपित महिलाओं की जानकारी मिल पाएगी। जिसके बाद आरोपित महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *