राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन से मिले स्पीकर व दायित्वधारी

ऋषिकेश। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के स्वागत कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और दायित्वधारी भगतराम कोठारी के बीच सड़क पर उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। वेद निकेतन स्वर्गाश्रम में विश्व महाशक्ति यज्ञ में शामिल होने आए भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश से दोनों लोगों ने अलग-अलग मुलाकात की। विदित हो कि केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत बीपी वीरवार को नमामि गंगे योजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने यहां पहुंचे थे। चंद्रभागा पुल के समीप उनके पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और गन्ना एवं चीनी विकास बोर्ड के अध्यक्ष भगतराम कोठारी के बीच कार्यकर्ताओं का परिचय कराने को लेकर मंत्री के सामने ही विवाद हो गया। विवाद इतना आगे बढ़ गया कि दोनों के बीच तीखी नोकझोंक और अमर्यादित भाषा का खुलकर प्रयोग हुआ। बात यहीं खत्म नहीं हुई, अगले रोज शहीद स्मारक स्थल पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों की बैठक में विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया गया। वहां मौजूद दायित्वधारी भगतराम कोठारी ने विधानसभा अध्यक्ष को उनके इस व्यवहार पर खुली चुनौती तक दे डाली थी। इस मामले में रविवार को भाजपा मंडल के अध्यक्ष चेतन शर्मा और महामंत्री पंकज शर्मा ने पलटवार करते हुए बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि यह निंदा प्रस्ताव कांग्रेसी लोगों की ओर से प्रायोजित है। आंदोलनकारी मंच का नाम लेकर तथाकथित कांग्रेसी अपने हित साध रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह भाजपा का अंदरूनी मामला है। इसमें राजनीतिक हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा। उधर वेद निकेतन स्वर्गाश्रम में संघ परिवार द्वारा 18 दिवसीय विश्व महाशक्ति यज्ञ का आयोजन किया गया है, जिसमें रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय सह मंत्री संगठन शिव प्रकाश शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश महामंत्री संगठन नरेश बंसल, संघ के प्रांत प्रचारक युद्धवीर, यमकेश्वर की विधायक रितु खंडूड़ी भी मौजूद रहीं। जानकारी के मुताबिक विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन से मुलाकात कर लंबी चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *