शाही शादी के लिए औली पहुंचे गुप्ता बंधु

गोपेश्वर । बेटों की शाही शादी के लिए गुप्ता बंधुओं का परिवार औली पहुंच चुका है। रविवार को गुप्ता परिवार के सदस्य औली के डोडिल गांव में स्थानीय लोगों के साथ भोज में शामिल हुए। इसी के साथ शादी समारोह में भोज के कार्यक्रमों का भी शुभारंभ हो गया। दक्षिण अफ्रीका के उद्योगपति अजय गुप्ता, अतुल गुप्ता व राजेश गुप्ता अपने परिवारों के साथ हेलीकॉप्टर से औली पहुंचे। उनके साथ जीजा अनिल गुप्ता भी थे। इसके बाद गुप्ता परिवार ने औली के डोडिल गांव में स्थानीय लोगों के साथ भोज में शिरकत की। यह भोज गुप्ता परिवार की ओर से आयोजित किया गया था, जिसमें 400 से अधिक लोगों ने शिरकत की।

इस दौरान गुप्ता परिवार ने स्थानीय लोगों को सगुन का टीका भी लगाया। विदित हो कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में 20 जून को अजय गुप्ता के पुत्र सूर्यकांत और 22 जून को अतुल गुप्ता के पुत्र शशांक का विवाह संपन्न होना है। इसके लिए औली में जोरशोर से तैयारियां चल रही हैं। रविवार को गुप्ता बंधुओं की शादी में करीब 400 लोगों को भोजन कराया गया।

गुप्ता बंधुओं के बेटों की शादी में परफॉर्म करेगी उर्वशी

फिल्म अभिनेत्री उर्वशी रौतेला औली में होने वाली गुप्ता बंधुओं के बेटों की शादी में परफॉर्म करेगी। देवभूमि उत्तराखंड में उर्वशी का यह पहला कार्यक्रम है। इसे लेकर उर्वशी के प्रशंसक खासा उत्साहित हैं। सिंह साहब दी ग्रेट व ग्रेट ग्रैंड मस्ती समेत अनेकों फिल्मों में अपने अभिनय का जलवा बिखेर चुकी अभिनेत्री उर्वशी रौतेला 20 जून को औली में होने वाली शादी में डांस का तड़का लगाएगी।  इन दिनों उर्वशी लंदन में अपनी फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। उर्वशी ने बताया कि वे उत्तराखंड की संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए गढ़वाली कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी मुख्य रूप से देगी। बकौल उर्वशी उनका यह प्रदेश में पहला कार्यक्रम है। इसको लेकर वे काफी उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि देवभूमि की संस्कृति की छाप वे मेहमानों के मस्तिष्क में छोड़ेंगी। इस भव्य समारोह से देवभूमि के पर्यटन को न सिर्फ विश्व पटल पर विशेष पहचान मिलेगी, बल्कि दुनिया भर की निगाहें इस आयोजन पर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *