गुरूग्राम में एक डाक्ट्रर ने अपने पूरे परिवार को उतारा मौत के घाट, फिर की खुदखुशी

गुरुग्राम। दिल्ली से सटे गुरुग्राम से सोमवार सुबह एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई  है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। एक ऐसी ही वारदात कुछ समय पहले दिल्ली के महरौली में भी हुई थी। हालांकि यह घटना इसलिए चौंकाती है क्योंकि इससे एक डॉक्टर जुड़ा हुआ है। दरअसल खबर है कि गुरुग्राम में एक डॉक्टर ने अपने पूरे परिवार को मौत के घाट उतार दिया और फिर खुद आत्महत्या कर ली। यह सब भी उस दिन जब पूरी दुनिया डॉक्टर्स डे मना रही है, गुरुग्राम के इस डॉक्टर ने पूरे परिवार समेत खुद की भी जान ले ली।

बताया जा रहा है कि गुरुग्राम के सेक्टर-49 स्थित उप्पल साउथ एंड एस ब्लॉक के फ्लैट नंबर 299 में डॉक्टर प्रकाश सिंह(55) अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी सोनू सिंह(50), बेटी अदिति(22) और बेटा आदित्य(13) थे। उन्होंने बीती देर रात किसी धारदार हथियार से पहले परिवार के तीनों सदस्यों को मौत के घाट उतारा और फिर खुद फांसी पर झूल गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डॉक्टर प्रकाश मूलरूप से वाराणसी के रहने वाले थे। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा है, “मैं अपने परिवार को संभाल नहीं पा रहा था।” घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में ले लिया। इस वक्त पुलिस मौके पर मौजूद है और जांच कर रही है।

वहीं, सुसाइड नोट को लेकर पड़ोसियों का कहना है कि प्रकाश सिंह का परिवार आर्थिक रूप से बहुत ही मजबूत था। पत्नी डॉक्टर सोनू सिंह हर सामाजिक कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थी और कभी भी चंदा देने में पीछे नहीं हटती थीं।  ऐसे में सबसे अहम बात यह है कि आर्थिक रूप से मजबूत होने के बाद इतना बड़ा कदम क्यों उठाया? मृतक पत्नी सोनू सिंह के स्टाफ का कहना है कि उनका स्वभाव बहुत अच्छा था, साथ ही बच्चों का व्यवहार भी शांत था। बेटा आदित्य सेक्टर 49 स्थित डीएवी स्कूल में पढ़ता था, तो बेटी दिल्ली जामिया कॉलेज से पढ़ाई कर रही थी। सोनू सिंह के स्टाफ ने यह चौंकाने वाला दावा किया है कि डॉ. प्रकाश सिंह बेहद गर्म स्वभाव के थे। वह सन फार्मा कंपनी में साइंटिस्ट थे। बताया जा रहा है कि 2 महीने पहले उनकी नौकरी छूट गई थी। पूरे परिवार के खत्म हो जाने से लगभग 35 लोगों की नौकरी के ऊपर ही संकट छा गया है।

रात भर चला कत्ल का खेल

बेटा, बेटी और पत्नी का कत्ल प्रकाश सिंह ने रात कितने बजे किया और फिर खुद कितने बजे फांसी लगाई? इसका सटीक पता तो पोस्टमार्टम के बाद ही चलेगा, लेकिन  बताया जा रहा है कि डॉक्टर प्रकाश सिंह ने रविवार रात को अपने पूरे परिवार को तेजधार हथियार से मार डाला। इनमें पत्नी के अलावा, एक लड़का और एक लड़की है। इसके बाद खुद भी फांसी पर लटक गए। यह महज इत्तेफाक है कि ठीक एक साल पहले दिल्ली के बुराड़ी इलाके में 30 जून, 2018 की रात को भी खूनी खेल खेला गया था, जिसमें ललित की सनक के चलते 11 लोगों ने फांसी लगा ली, जिसमें ललित भी शामिल था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *