कामना हत्याकांड: पति अशोक की आज हो सकती है गिरफ्तारी - News Detail

कामना हत्याकांड: पति अशोक की आज हो सकती है गिरफ्तारी

देहरादून। बुटीक संचालिका कामना की हत्या के आरोप में आज आरोपी पति अशोक उर्फ कपिल रोहिल्ला की गिरफ्तारी हो सकती है। अस्पताल प्रशासन आज रोहिल्ला को छुट्टी देगा। उधर, हत्या में जेल गए दीपक शर्मा और उसके छोटे भाई गौरव शर्मा की पुलिस रिमांड अर्जी पर आज सुनवाई होनी है। विवेचक का कहना है कि रिंकू उर्फ अजय वर्मा का शव बरामद करने के साथ कामना हत्याकांड में आरोपियों से विस्तृत पूछताछ होनी है।

नेहरू कालोनी में माता मंदिर रोड निवासी बुटीक संचालिका कामना रोहिल्ला के हत्याकांड का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया था। पति अशोक रोहिल्ला ने सरधना (मेरठ) निवासी दोस्त दीपक शर्मा और उसके छोटे भाई गौरव शर्मा को सुपारी देकर कामना की हत्या कराई थी। यह भी पता चला कि उन्होंने रिंकू की नवंबर माह में हत्या कर शव राजस्थान के चुरू इलाके में फेंक दिया था।
दोनों भाइयों का दावा था कि नाजायज रिश्तों के शक में अशोक ने कमाना की हत्या कराई। पुलिस की नजर से बचने के लिए खुद को गोली मरवाई। फिलाहल पुलिस की निगरानी में अशोक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। शुक्रवार सुबह उसे छुट्टी मिल सकती है। पुलिस उसे गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद करने का प्रयास करेगी। गौरव ने पुलिस को बताया था कि वारदात के बाद अशोक ने पिस्टल अपने पास रख ली थी।
नेहरू कालोनी थाने की पुलिस टीम बृहस्पतिवार को राजस्थान के चुरू पहुंच गई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चार नवंबर के बाद वहां कितने लावारिस शव बरामद हुए थे। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि प्रत्येक लावारिस शव का डीएनए सैंपल लिया जाता है। यदि जरूरी हुआ तो रिंकू के शव की पहचान को डीएनए मिलान कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *