20 दिसंबर तक लोगों को परेशान करेगा घना कोहरा

देहरादून : उत्तराखंड में मौसम साफ होने के बाद अब कोहरे ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ानी शुरू कर दी हैं। मैदानी इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 20 दिसंबर तक प्रदेश के मैदानी जिलों में घना कोहरा परेशानी पैदा करेगा। दिनभर चटख धूप खिलने के बाद देर शाम दून में कोहरे की चादर बिछ गई। इसी प्रकार हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कोहरे ने पैर पसार लिए हैं। घने कोहरे के कारण मैदानी इलाकों में दृश्यता घटने से वाहन सवारों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार को दून में मुख्यत: आसमान साफ रहेगा। जबकि आसपास के कुछ इलाकों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। देर शाम से दून और आसपास के मैदानी इलाकों में मध्यम से घने कोहरे का प्रभाव रहेगा। सोमवार को दून का अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को दून का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 23 और 6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उधर, मसूरी में भी रात के समय पाला गिरने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *