देहरादून। उत्तराखंड में कड़ाके की सर्दी से राहत नहीं मिल पा रही है। हालांकि न्यूनतम तापमान में मामूली सुधार हुआ है, लेकिन छह शहरों में पारा दो डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम कोहरे से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नव वर्ष से मौसम फिर करवट बदलेगा। इस दौरान पहाड़ों में बर्फबारी तो मैदानों में बारिश के आसार हैं।
शनिवार को पहाड़ों और मैदानी क्षेत्रों में धूप खिली रही। पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में कुछ वृद्धि हुई है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में पारे ने गोता लगाया। देहरादून में न्यूनतम तापमान 3.6, हरिद्वार में 5.4 और ऊधमसिंह नगर में 1.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इन शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस कम है। देहरादून में चार साल बाद दिसंबर में पारा इतना नीचे गया है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार फिलहाल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा।