18 घंटे बाद जिंदा मिली बर्फ में दबी लड़की

मुजफ्फराबाद। पाकिस्तान के कब्जे वाले गुलाम कश्मीर के नीलम घाटी इलाके में हिमस्खलन के कारण भारी बर्फ के नीचे दबी 12 साल की लड़की को जिंदा बचा लिया गया है। समीना बीबी नाम की यह लड़की हिमस्खलन में तबाह हो चुके अपने घर में 18 घंटे से दबी पड़ी थी।

बचावकर्मियों ने जब उसे बाहर निकाला उसके मुंह से खून निकल रहा था और उसका एक पैर भी टूट गया था। मुश्किल हालात में उसका बचना किसी चमत्कार से कम नहीं है। समीना का फिलहाल मुजफ्फराबाद के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने अब उसे खतरे से बाहर बताया है। समीना की मां शहनाज बीबी ने बताया कि हिमस्खलन की इस घटना में उनके दो बच्चों की मौत हो गई है। समीना के बारे में भी उन्हें आशंकाओं ने घेर रखा था। मंगलवार को हिमस्खलन के वक्त शहनाज के तीन मंजिले मकान में कई लोग सर्दी से बचने को अलाव जलाकर बैठे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *