कैराना में चेतावनी बिंदु के निकट पहुंची यमुना, खतरा , प्रशासन अलर्ट

शामली, 21 अगस्त । दो दिन से लगातार हुई बरसात के चलते यमुना नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु की ओर तेजी से बढ़ता जा रहा है। इसे लेकर क्षेत्रीय लोग चिंतित दिखायी दे रहे हैं। वहीं, यमुना जलस्तर बढ़ने पर शामली प्रशासन भी नज़र बनाये हुए है।

पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही वर्षा के चलते ताजोवाला बांध से यमुना नदी में पानी छोड़े जाने का सिलसिला जारी है। यमुना में पानी छोड़े जाने के बाद जलस्तर दिन प्रतिदिन बढ़ता ही है। बताया जा रहा है कि गुरुवार की शाम को यमुना नदी के जलस्तर में मामूली सी गिरावट दर्ज की गई थी,जिसके चलते यमुना नदी 229.20 मीटर पर बह रही थी। उसके बाद देर रात्रि हथनीकुंड बैराज से यमुना में काफी पानी छोड़ा गया और शुक्रवार की सुबह तक यमुना नदी अचानक उफान पर पहुंच गयी, इसे नदी का जलस्तर 229.700 मीटर पर दर्ज किया गया। यहां से चेतावनी बिंदु करीब सवा फीट की दूरी पर है। उधर, यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर खादर क्षेत्र में खेती करने वाले किसानों के माथों पर मायूसी छायी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *