हर- हर महादेव के जयकारे के साथ शाही स्नान जारी - News Detail

हर- हर महादेव के जयकारे के साथ शाही स्नान जारी

हरिद्वार/योगेश योगी। सोमवार को हर हर महादेव और जय गंगा मैया के जयकारे के साथ हरकी पैड़ी पर अखाड़ों का शाही स्नान शुरू हो गया है। सबसे पहले निरंजनी अखाड़ा के साधु संत स्नान के लिए हर की पैड़ी पहुंचे। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के नेतृत्व में अखाड़े के संतों ने हरकी पैड़ी पर गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। जूना अखाड़ा के संत भी छावनी से हरकी पैड़ी के लिए निकल चुके हैं। जूना अखाड़ा के बाद अन्य अखाड़ों के संत अपने क्रम के हिसाब से गंगा स्नान करेंगे। अखाड़ों का शाही स्नान शाम तक चलता रहेगा। सबसे बाद करीब 5:30 बजे निर्मल अखाड़े के संतों की ओर से गंगा स्नान किया जाएगा। संतों के स्नान को देखते हुए पूरे रूट पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। किसी को भी संतों के शाही स्नान के जुलूस में प्रवेश घुसने की अनुमति नहीं है। उत्तराखंड सरकार की ओर से शाही स्नान के लिए जा रहे संतों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराई जा रही है।

रूट हुए डाइवर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा

तीन दिवसीय स्नान पर्व को देखते हुए हरिद्वार में रूट डायवर्ट कर दिए गए हैं चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा है।बड़ी संख्या में पुलिस के साथ ही पैरा मिलिट्री के जवान मोर्चा संभाले हुए हैं। 12 अप्रैल को सोमवती अमावस्या पर शाही स्नान हो रहा है। 13 अप्रैल को नव संवत्सर का स्नान पर्व है जबकि 14 अप्रैल को बैसाखी पर्व पर तीसरा शाही स्नान होना है। इसको देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए रूट डायवर्ट कर दिया गए हैं।अन्य राज्यों से आने वाले यात्री वाहनों को शहर से बाहर बनाई गई पार्किंग में पार्क कराया जा रहा है। हरिद्वार शहर के अंदर भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह से बंद कर दी गई है। सिंहद्वार से हरकी पैड़ी की ओर जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया है। सिंहद्वार फ्लाईओवर को भी वनवे कर दिया गया है।हरकी पैड़ी के आसपास का पूरा क्षेत्र जीरोजोन बना दिया गया है और यहां पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रोक दी गई है। ज्वालापुर फ्लाई ओवर से पहले ही पुलिस और पैरामिलिट्री के जवान वाहनों को रोककर चेकिंग कर रहे हैं।

11 एस पी संभाल रहे कमान
शाही स्नान की कमान 11 एस पी संभाल रहे हैं।इसके अलावा 24 एडिशनल एसपी और 40 डिप्टी एसपी भी कुंभ मेले में तैनात किए गए हैं।19 प्रशिक्षु डिप्टी एसपी भी भीड़ नियंत्रण के गुर सीखेंगे। इनके अलावा उत्तराखंड पुलिस के 124 इंस्पेक्टर,342 सब इंस्पेक्टर, 76 महिला सब इंस्पेक्टर, 182 हेड कांस्टेबल, 2463 कांस्टेबल और 504 महिला कांस्टेबल शाही स्नान के लिए तैनात किए गए हैं। यातायात पुलिस के 3 सब इंस्पेक्टर, 25 हेड कांस्टेबल और 124 कांस्टेबल ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे है।

पैरामिलिट्री और पीएसी की 55 कंपनी
कुंभ मेले में पैरा मिलिट्री और पीएसी की 55 कंपनियां भी तैनात की गई हैं। इसमें से 30 कंपनी पैरामिलिट्री और 25 कंपनी उत्तराखंड पीएसी की हैं। पुलिस संचार सेवा के 169 जवान और एलआईयू के 218 जवान भी कुंभ मेले पर निगरानी रख रहे हैं।

बम निरोधक दस्ता भी एक्टिव
शाही स्नान को देखते हुए बम निरोधक दस्ते की 12 टीमें तैनात की गई हैं।सभी टीमें स्निफर डॉग के साथ चप्पे-चप्पे पर निगरानी कर रही हैं।फायर ब्रिगेड की 41 टीम पूरे कुंभ मेले क्षेत्र में तैनात की गई हैं।इसके अलावा एनएसजी की एक टीम विशेष परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है।एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की दो-दो टीमें भी लगाई गई हैं।कुंभ मेले में घुड़सवार दस्ते भी तैनात हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में उत्तराखंड और राजस्थान के होमगार्ड्स, जल पुलिस तथा पीआरडी आदि की तैनाती की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *