फॉर्च्यूनर गाड़ी में आईपीएल पर सट्टा लगाते तीन लोग गिरफ्तार - News Detail

फॉर्च्यूनर गाड़ी में आईपीएल पर सट्टा लगाते तीन लोग गिरफ्तार

रुड़की में फॉर्च्यूनर गाड़ी में सट्टा लगाते पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के पास से हजारों की नकदी, मोबाइल और सट्टा पर्ची भी बरामद की है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं, पुलिस इनके संपर्क में रहने वालों को चिह्नित कर रही है।
आईपीएल मैचों में शहर में बड़े स्तर पर सट्टा खेला जा रहा है। इसकी शिकायत लगातार पुलिस को मिल रही थी। रविवार की रात गंगनहर कोतवाली पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस बीच मुखबिर ने सूचना दी कि रामनगर-सलेमपुर रोड किनारे एक फॉर्च्यूनर गाड़ी खड़ी है, जिसमें तीन लोग आईपीएल मैच पर सट्टा लगा रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी को घेर लिया और तीनों को नीचे उतार लिया। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो 54200 रुपये, छह मोबाइल और सट्टा पर्ची बरामद हुई। पुलिस तीनों आरोपियों को गाड़ी सहित कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि आईपीएल मैच में सट्टा लगाते विशाल कथूरिया निवासी आवास विकास कालोनी, रुड़की, जुल्फिकार निवासी ग्राम इब्राहिमपुर, रुड़की और कुर्बान निवासी मदरसे वाली गली, रामपुर, रुड़की को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि तीनों के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। साथ ही इनके संपर्क में रहकर सट्टा लगाने वालों को चिह्नित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *