31 मई तक इंटरनेशनल उड़ानों पर लगा बैन - News Detail

31 मई तक इंटरनेशनल उड़ानों पर लगा बैन

कोरोना वायरस की दूसरी लहर देश में बड़ी तेजी के साथ बढ़ रही है. देश में हर रोज 3 लाख से ज्यादा नए मरीज सामने आ रहे हैं. ऐसे में मोदी सरकार ने नियमित अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध 31 मई तक बढ़ा दिया है. नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने एक सकुर्लर जारी कर कहा कि अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध 31 मई की रात 11:59 बजे तक प्रभावी रहेगा. अंतर्राष्ट्रीय कार्गो ऑपरेशन महानिदेशालय द्वारा विशेष अनुमति प्राप्त उड़ानों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा. DGCA ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों (International Passenger Flights) का सस्पेंशन 31 मई 2021 तक बढ़ा दिया है. यह प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय ऑल-कार्गो ऑपरेशन उड़ानों पर लागू नहीं होगा. साथ ही जरूरत पड़ने पर कुछ अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर संबंधित अथॉरिटी की मंजूरी के बाद उड़ानों को संचालित किया जा सकता है. ये आदेश 31 मई की रात 11:59 बजे तक प्रभावी रहेगा. जानकारी के मुताबिक, वंदे भारत मिशन ट्रैवल बबल के अंतर्गत जारी विमान सेवा पर इसका कोई असर नहीं होगा. ये हवाई सेवाएं जारी रहेंगी.

कई देशों ने भारतीयों को बैन किया

जानकारी के मुताबिक पिछले 10 दिनों में 20 देशों ने भारत के साथ हवाई सेवा पर रोक का आदेश जारी किया है. मालदीव ने 27 अप्रैल से, कुवैत ने 24 अप्रैल से, हांगकांग 20 अप्रैल से 14 दिनों के लिए भारत के साथ हवाई सेवा पर रोक का आदेश जारी किया है. सिंगापुर ने भारत से पहुंचने वाले यात्रियों के लिए 14+7 दिनों की क्वॉरंटीन पॉलिसी को लागू किया है. इंग्लैंड ने भारत को रेड लिस्ट में डाल दिया है. तो वहीं अमेरिका ने अपने नागरिकों को भारत की यात्रा नहीं करने को लेकर एडवाइजरी जारी किया है. इसके अलावा न्यूजीलैंड ने भारत के ट्रैवलर्स को बैन कर दिया है.

पिछले साल मार्च से सेवाएं निलंबित

बता दें कि पिछले साल कोरोना संकट के बीच सरकार ने 23 मार्च 2020 को ही शेड्यूल कमर्शियल फ्लाइट की सेवा पर रोक का आदेश जारी किया था. हालात कंट्रोल में नहीं होने के कारण 14 महीने से इस सेवा पर रोक जारी है. हालांकि इस दौरान वंदे भारत मिशन एयर बबल के तहत अलग-अलग देशों के साथ हवाई सेवा दोबारा स्थापित किए गए. अप्रैल में कोरोना की नई लहर के बाद दर्जनों देशों ने भारत के साथ एकबार फिर से हवाई सेवा को तात्कालिक रोक दिया है.

तेजी से फैल रहा कोरोना

देश में पिछले 24 घंटे के दौरान 3.86 लाख से अधिक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव हुए हैं. वहीं पूरे देश में एक्टिव कोरोना रोगियों की संख्या 31 लाख से अधिक हो चुकी है. यानी देशभर में 31 लाख से ज्यादा लोग अभी भी कोरोना वायरस से ग्रस्त हैं. कोरोना के कारण दो लाख से ज्यादा लोग अपनी जान भी गवां चुके हैं. यह लगातार 9वां दिन है जबकि 24 घंटे में देशभर के अंदर कोरोना के तीन लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं. 9 दिन पहले देशभर में प्रतिदिन तीन लाख व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव हो रहे थे. हालांकि अब 9 दिन बाद यह आंकड़ा चार लाख के समीप पहुंचने लगा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *