ऋषिकेश में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट के स्वागत के लिए उमड़ा सैलाब

ऋषिकेश में भाजपा ने जन आशीर्वाद रैली के जरिए चुनावी बिगुल फूंक दिया है। योगनगरी में भाजपा की जन-आशीर्वाद रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नटराज चौक पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और राज्यसभा सांसद नरेश बंसल पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान मेयर अनीता ममगाईं के साथ महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पारंपरिक गढ़वाली और कुमाऊंनी लोकगीतों पर जमकर थिरकीं।  वहीं, जन आशीर्वाद रैली का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई।

नटराज चौक पर  सुबह नौ बजे से भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। जन आशीर्वाद रैली का ऋषिकेश पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 11 बजे था। रैली दोपहर करीब 12.45 देहरादून से योगनगरी ऋषिकेश पहुंची। जैसे ही केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक नटराज चौक पहुंचे तो मेयर अनीता ममगाई के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय राज्य मंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और भाजपा सांसद नरेश बसंल को फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक गीतों पर ढोल दमाऊ के साथ लोकनृत्य भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *