मैदानी इलाकों में रिमझिम बरिश और पहाड़ों में हुई बर्फबारी, ठंड से कांपे लोग

उत्तराखंड में दो दिन से मौसम खराब बना हुआ है। गुरुवार को सुबह की शुरुआत हल्के कोहरे के साथ हुई और दिनभर बादल छाए रहे। लेकिन शाम होते ही मौसम और बिगड़ गया। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई तो राजधानी दून समेत मैदानी इलाकों में बारिश ने ठंड बढ़ा दी। केदारनाथ, बदरीनाथ और यमुनोत्री धाम में भी दोपहर बाद हल्की बारिश और बर्फबारी हुई।

मौसम विभाग ने प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों खासकर 3500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले पिथौरागढ़, चमोली और बागेश्वर जिलों में बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, अधिकांश इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है।

पिथौरागढ़ और बागेश्वर के उच्च हिमालयी इलाकों में बर्फबारी और कुमाऊं भर में बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उच्च हिमालयी क्षेत्र हंसलिंग, राजरंभा, पंचाचूली, दारमा, व्यास, चौंदास वैली में हल्का हिमपात हुआ। बागेश्वर में पिंडर घाटी के जातोली, फुर्किया, धाकुड़ी के ऊंचाई वाले स्थानों में हल्की बर्फबारी हुई। ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के कारण चली ठंडी हवाएं लोगों को ठिठुराती रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *