अज्ञात वाहन में घुसी तेज रफ्तार मिनी वैन, पांच की मौत, 10 घायल - News Detail

अज्ञात वाहन में घुसी तेज रफ्तार मिनी वैन, पांच की मौत, 10 घायल

गुजरात के अहमदाबाद जिले के धोलका कस्बे के पास एक मिनी वैन आगे जा रहे एक अज्ञात वाहन में जा घुसी। भीषण हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और 10 घायल हो गए। मिनी वैन सवार लोग वडोदरा से बोटाड जिले में स्थित एक मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे।

धोलका पुलिस के अनुसार घटना शनिवार देर रात हुई। बताया गया है कि तेज रफ्तार मिनी वैन आगे जा रहे किसी वाहन में जा भिड़ी। पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष हैं।

मरने वालों में वैन का चालक भी शामिल है। पुलिस उस वाहन की तलाश कर रही है, जिसमें वैन घुसी थी। मृतकों की उम्र 27 से 48 साल के बीच है। उनकी शिनाख्ती के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *