पत्नी पर सर्जिकल ब्लेड से हमला कर पति ने किया सुसाइड

पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके में 32 वर्षीय व्यक्ति ने मायके में रह रही अपनी पत्नी पर सर्जिकल ब्लेड से हमला करने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला की गर्दन और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उसका ऑपरेशन किया गया है। महिला अब भी दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती है। अधिकारियों ने बताया कि महिला को खून की जरूरत पड़ने पर रघुबीर नगर पुलिस चौकी के कांस्टेबल सुधीर ने रक्तदान किया। वहीं, महिला का पति रामकुमार हमला करने के बाद अपनी पत्नी को मरा समझकर घर से भाग गया, लेकिन बाद में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक घर में फंदे से लटका पाया गया।

पुलिस ने बताया कि दंपती की हाल में शादी हुई थी और आरोपी कथित तौर पर नशे का आदी था। घटना गुरुवार को महिला के मायके में हुई। महिला पति का घर छोड़कर रघुबीर नगर इलाके में अपने मायके में रह रही थी। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को पश्चिम विहार के एक अस्पताल से ख्याला थाना में एक फोन आया था जिसमें बताया गया कि एक महिला को घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है जिसे कथित रूप से उसके पति ने हमला कर घायल कर दिया है। पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि महिला और उसका पति अक्सर झगड़ते रहते थे और इस वजह से महिला 15 जनवरी को अपनी मां के घर चली गई थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 19 जनवरी को महिला का पति आया और उसने महिला से उसके साथ चलने और गाजियाबाद में लोनी के पास नसीब विहार स्थित अपने ससुराल में रहने का अनुरोध किया, लेकिन महिला ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि व्यक्ति 20 जनवरी की शाम तक घर में रहा और अपनी पत्नी को साथ चलने के लिए मनाता रहा। शाम करीब साढ़े सात बजे जब महिला की मां दोनों को घर में अकेला छोड़कर बाजार गई, तो व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर सर्जिकल ब्लेड से हमला किया।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) उर्वीजा गोयल ने कहा कि राम कुमार के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है और यमुना पार क्षेत्र में कई स्थानों पर छापे मारे गए, लेकिन उसे ढूंढा नहीं जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *