देहरादून नगर निगम के कारनामे देखिए। जहां दो मिनट खड़े रहना भी मुश्किल होता है, वहां संडे मार्केट के लिए जगह आवंटित कर दी। चिह्नित जगह की गंदगी देख व्यापारी दंग रह गए। गुस्साए व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
देहरादून के साप्ताहिक संडे मार्केट के मामले में हाईकोर्ट ने नगर निगम को हरिद्वार बाईपास रोड पर जगह देने के आदेश दिए थे। साप्ताहिक रविवार बाजार कल्याण समिति अध्यक्ष हीरा लाल के नेतृत्व में व्यापारी रविवार को तय जगह पर एकत्र हुए। हीरा लाल ने कहा कि एक तरफ कूड़े का ढेर लगा है। वाहनों से कूड़ा डंप किया जा रहा। बदबू के मारे बुरा हाल है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों पर कोर्ट के आदेशों का पालन नहीं करने का आरोप लगाया।
समिति के सचिव आशोक कुमार ने कहा कि कूड़ा हटाकर और साफकर साप्ताहिक बाजार के लिए जगह दी जानी थी, लेकिन अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। विरोध करने वालों में सुरेशा, विनोद कुमार, बृजेशा, बनबसी लाल, राम भरोसे, बच्चन लाल आदि मौजूद रहे। बता दें कि 2004 से तिब्बती मार्केट के सामने संडे बाजार लगता था। फड़ लगाने वालों से नगर निगम 300 रुपये तह बाजारी शुल्क लेता था। अतिक्रमण हटाओ अभियान में इन्हें हटा दिया गया। तब से नगर निगम इन्हें शहर में जगह उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जगह आवंटन को लेकर उन्हें नगर निगम की ओर से कोई भी आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है।