कल से दिल्ली में पूरा सप्ताह चलेगी लू, 42 तक पहुंचेगा पारा

राजधानी में तप रहे पारे के बीच आज से गर्मी का सितम और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने आगामी छह दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लू चलने की संभावना जताई है। अगले तीन दिनों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का पूर्वानुमान है। विभाग ने बिना वजह दोपहर में न निकलने की सलाह दी है। वहीं, बीते 24 घंटे में भी दिल्ली के कई इलाकों में पारा तपने के साथ लू रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान सामान्य से चार अधिक 38.7 व न्यूनतम तापमान सामान्य के बराबर 19 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 15 से 72 फीसदी रहा। दिनभर गर्म हवाएं चलने की वजह से लोग परेशान रहे। दिल्ली का स्पोर्ट्स कांप्लेक्स इलाका 40.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। इसके अलावा पीतमपुरा में 40.6,  नजफगढ़ में 40.2, गुरुग्राम में 40.8 व रिज में 40.4 डिग्री सेल्सियस पारा रहा।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में लू चलने के साथ अधिकतम तापमान 40 व न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। अगले तीन दिनों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सप्ताह भर तक लू चलेगी व गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। गौरतलब है कि माह के पहले सप्ताह में ही गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि बीते चार दिनों में दिल्ली की गर्मी चार से पांच वर्षों का रिकॉर्ड बना चुकी है। उधर, दिल्ली का एक्यूआइ 233, फरीदाबाद 277, गाजियाबाद 195, ग्रेटर नोएडा 246, गुरुग्राम 176 व नोएडा 236 रहा।

अधिकतम तापमान- 40 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 19 डिग्री सेल्सियस
सूर्यास्त का समय: 6:42 बजे
सूर्योदय का समय:  6:05 बजे
-हवा की रफ्तार मध्यम रहेगी। दिनभर लू चलने की संभावना है। आद्रता का स्तर अधिक रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *