जिंदगी पर भारी पड़ रहा खराब मौसम - News Detail

जिंदगी पर भारी पड़ रहा खराब मौसम

केदारनाथ में पल-पल बदल रहा मौसम यात्रियों लिए मुसीबत बन रहा है। बारिश, ओलावृष्टि और ऊपरी पहाड़ियों पर हो रहे हिमपात से केदारपुरी में ठंड बढ़ रही है, जिससे हाइपोथर्मिया के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। दिन और शाम के तापमान में यहां 18 से 21 डिग्री तक का अंतर है।

इसके अलावा पैदल मार्ग पर रामबाड़ा से रुद्रा प्वाइंट तक चार किलोमीटर की चढ़ाई भी यात्रियों पर भारी पड़ रही है। कपाट खुलने के बाद अभी तक 28 यात्रियों की मौत हो चुकी है। इनमें से 27 यात्रियों को दिल का दौरा पड़ा था।

समुद्रतल से 11750 फिट की ऊंचाई पर स्थित केदारनाथ तीन तरफ से पहाड़ियों से घिरा हुआ है। साथ ही गौरीकुंड की तरफ का क्षेत्र भी संकरा और घाटीनुमा है, जिससे यहां मौसम कभी भी खराब हो सकता है। यहां कब बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता।

मौसम का यही मिजाज बाबा केदार के भक्तों पर भारी पड़ रहा है। 6 मई से शुरू हुई यात्रा के बाद से आए दिन मौसम खराब हो रहा है। धाम में सुबह से दोपहर तक तापमान 20 से 24 डिग्री तक रहता है, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम में बदलाव से पारा गिरकर 2 से 3 डिग्री तक पहुंच जाता है।

बारिश के चलते दर्शनों के लिए लाइन में खड़े यात्री भीग रहे हैं, जिस कारण वे हाइपोथर्मिया का शिकार हो रहे हैं। इन हालातों में केदारनाथ में बीते एक सप्ताह में हाइपोथर्मिया के मामले 30 से 35 फीसदी बढ़े हैं। साथ चारों तरफ कोहरा छाने से कई यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत, सीने में दर्द, चक्कर आने की शिकायत हो रही है। इन समस्याओं से ही अभी तक ज्यादा यात्रियों की मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *