दीपिका को जिंदा जलाने वाले को 1 करोड़ का इनाम : बरेली - News Detail

दीपिका को जिंदा जलाने वाले को 1 करोड़ का इनाम : बरेली

बरेली।  संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावती’ को लेकर बवाल थमता नजर नहीं आ रहा है। अब उत्तर प्रदेश के बरेली में एक उपद्रवी समूह ने रविवार को घोषणा की कि ऐक्ट्रेस दीपिका पादुकोण को जिंदा जलाने वाले को 1 करोड़ का इनाम दिया जाएगा। बता दें, इससे पहले दीपिका की नाक काटने तक की बात कही जा चुकी है।

अखिल भारतीय क्षत्रिया महासभा के सदस्यों ने यहां दीपिका के कई पुतले जलाए। इसके अलावा भंसाली के पुतले भी दामोदर स्वरूप पार्क में जलाए गए और उनके खिलाफ नारे लगाए गए। महासभा के सदस्यों ने कलेक्ट्रेट ऑफिस तक मार्च भी निकाला और यहां डीएम को एक ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि फिल्म की रिलीज पर बैन लगाया जाए।

महासभा के यूथ विंग लीडर भुवनेश्वर सिंह ने कहा, ‘दीपिका पादुकोण को यह पता चलना चाहिए कि जिंदा जलाए जाने पर कैसा लगता है। दीपिका को रानी पद्मावती के त्याग के बारे में कुछ मालूम नहीं होगा। जो भी उन्हें जिंदा जलाएगा, उसे 1 करोड़ का इनाम दिया जाएगा। हम मांग करते हैं कि संगठन के पदाधिकारियों को रिलीज से पहले फिल्म दिखाई जाए।’

वहीं, जब भुवनेश्वर सिंह के धमकी भरे बयान के बारे में एसपी रोहित सिंह से पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से इस मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। इसके बाद मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’

बता दें, फिल्म ‘पद्मावती’ का लंबे वक्त से विरोध हो रहा है। आरोप है कि फिल्म में ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ की गई है। साल की शुरुआत में भी भंसाली का करणी सेना के सदस्यों ने जयपुर में विरोध किया था जब वह फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। इस दौरान वहां जयपुर और कोल्हापुर में सेट पर तोड़फोड़ भी की गई थी।

इस पूरे विवाद के बीच फिल्म इंडस्ट्री भंसाली और उनकी टीम के सपॉर्ट में आ गई है। कई कलाकारों ने इस पूरे विवाद को क्रिएटिव फ्रीडम पर हमला करार दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *