प्रधानमंत्री की नीतियों का परिणाम है ये जीत : योगी

उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों का परिणाम प्रधानमंत्री द्वारा भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिये उठाये गये कदमों पर जनता की मुहर हैं। इसके अलावा ये उत्तर प्रदेश में पिछले आठ महीने के दौरान सरकार की योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने का नतीजा भी हैं। योगी ने कहा, ‘‘ मैं विश्वास व्यक्त करता हूं कि हम उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा शत प्रतिशत परिणाम पाने के लिये अग्रसर होगी।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन चुनाव परिणामों से सरकार में जवाबदेही का बोध बढ़ेगा। ये परिणाम हम सबको अधिक जवाबदेह बनाने और नगर निकायों को सक्षम बनाने के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज करते हुए योगी ने कहा, ‘‘जो लोग गुजरात चुनाव के बारे में बड़ी-बड़ी बातें कर रहे थे, उनका तो खाता भी नहीं खुल सका। मुझे लगता है कि नगरीय निकाय चुनाव उनकी आंखें खोलने वाला है।’’

उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में जीत के लिये वह भाजपा के सभी पदाधिकारियों के साथ-साथ सभी मंत्रिमण्डलीय सहयोगियों, नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के चुनाव आयोग तथा उसके अधिकारियों को भी धन्यवाद देते हुए कहा कि, आयोग ने निष्पक्ष चुनाव कराने और लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूत करने के लिये अपनी भूमिका निभायी। प्रशासन और पुलिसकर्मियों ने भी इन सम्पूर्ण चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पाण्डेय ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा नगरीय निकाय चुनावों में महापौर की 16 में से 15 सीटें जीतने की दहलीज पर खड़ी है। वर्ष 2012 में भाजपा ने नगर पालिका अध्यक्ष की 41 सीटें जीती थीं। इस वक्त 100 से ज्यादा पर जीत रही है। लगभग सात हजार वार्डों में से चार हजार से ज्यादा वार्ड भाजपा जीत रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *