गंगा का जलस्‍तर अचानक बढ़ा, 30 पर्यटक टापू में फंसे

ऋषिकेश: त्रिवेणी घाट में गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ने से हरियाणा के करीब 30 पर्यटक टापू में फंस गए। जल पुलिस के जवानों ने करीब एक घंटा रेस्कयू  चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित पक्के घाट तक पहुंचाया। नव वर्ष के मौके पर हरियाणा से 30 यात्रियों का ग्रुप अपने अपने वाहनों से यहां आया था। त्रिवेणी घाट में गंगा की मुख्यधारा और कृत्रिम धारा के बीच जब पानी कम था तो यह सभी लोग बीच टापू में चले गए। कुछ लोग पूजा पाठ करने लगे। सोमवार की दोपहर करीब 1:30 बजे अचानक गंगा का जलस्‍तर बढ़ने से यह सभी 30 लोग टापू में फंस गए। एक 30 वर्षीय महिला और उसका 5 वर्षीय पुत्र धारा में बहने लगे। समीप ही जल पुलिस के जवान मौजूद थे।

जल पुलिस ने महिला और उसके पुत्र को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद रस्सियों और लाइफ जेकेट की मदद से टापू में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। जल पुलिस की टीम में मनोज आर्य, महावीर सिंह नेगी, हरीश गुसाईं, मुकेश गौड़, अनिल चौधरी आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *