स्कूल बस और ट्रक के बीच टक्कर, पांच बच्चों की मौत, 6 घायल - News Detail

स्कूल बस और ट्रक के बीच टक्कर, पांच बच्चों की मौत, 6 घायल

इंदौर। मध्य प्रदेश के कनाडिया रोड पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। एक प्राइवेट स्कूल बस दुर्घटना का शिकार हुई जिसमें पांच स्कूली बच्चों समेत बस ड्राइवर की मौत हो गई। दिल्ली पब्लिक स्कूल की एक बस और ट्रक के बीच हुई इस टक्कर में 6 बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं घायलों को इलाज के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि बस का स्टेयरिंग फेल होने से यह हादसा हुआ। तेज रफ्तार बस को ट्रक ने सामने से टक्कर मारी। जिससे बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रदेश के गृह व परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। इंदौर के डीआईजी और आरटीओ को हादसे की जांच कर जल्द ही रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक छुट्टी के बाद बस बच्चों को छोड़ने स्कूल से रवाना हुई थी। उसी दौरान बिचौली मर्दाना बायपास पर ओवर ब्रिज के पास लोडेड ट्रक ने स्कूल बस को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।

सीएम शिवराज ने जताया दुख

इस हादसे पर राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा ‘इंदौर में हुई सड़क दुर्घटना में स्कूली बच्चों के निधन का समाचार हृदय विदारक है। मन अत्यधिक पीड़ा से भरा है। ईश्वर से मासूम बच्चों की आत्मा को अपने चरणों में स्थान देने की प्रार्थना करता हूँ। विनम्र श्रद्धांजलि!’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *