थार में उठाकर युवक को मारने की कोशिश! बदरीनाथ हाईवे पर अधमरी हालत में फेंका, पुलिस पर उठे सवाल

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में अपराध का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदरीनाथ हाईवे पर बिरही चाड़ा के पास कुछ अज्ञात लोगों द्वारा एक युवक को थार वाहन में बैठाकर जान से मारने की कोशिश किए जाने का आरोप लगा है। हमलावर युवक को गंभीर हालत में हाईवे किनारे फेंककर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार दशोली ब्लॉक के सुरेंडा गांव निवासी पपेंद्र सिंह को 8 मई की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच कुछ लोग अपने साथ ले गए। आरोप है कि युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई। बाद में उसे बदरीनाथ हाईवे किनारे फेंक दिया गया।
हाईवे से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने घायल युवक को देखा और निजी वाहन से तत्काल विवेकानंद स्वास्थ्य केंद्र पीपलकोटी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने युवक को जिला अस्पताल गोपेश्वर रेफर किया। वहां से उसे श्रीनगर और बाद में देहरादून रेफर किया गया। वर्तमान में युवक का इलाज हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में चल रहा है। बताया जा रहा है कि समय पर युवक को हायर सेंटर नहीं भेजा जाता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
मामले में युवक के पिता जीत सिंह रावत ने 9 मई को रिपोर्टिंग चौकी पीपलकोटी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। चौकी प्रभारी पूनम खत्री ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है। घायल युवक के बयान के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना के तीन दिन बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने गंभीर मामले में पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए थी। क्षेत्र में यह चर्चा भी तेज है कि कथित आरोपियों के रसूख के चलते पुलिस फिलहाल कार्रवाई से बच रही है।
गौरतलब है कि चमोली जिले में हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। एक सप्ताह पूर्व ही एक जनप्रतिनिधि हत्या के मामले में जेल जा चुका है। ऐसे में पीपलकोटी की यह घटना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *