चमोली में मौसम ने बदली करवट, बद्रीनाथ-हेमकुंड साहिब समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी - News Detail

चमोली में मौसम ने बदली करवट, बद्रीनाथ-हेमकुंड साहिब समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी

चमोली । जनपद चमोली में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। जिले के निचले क्षेत्रों में बारिश हुई, जबकि बद्रीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, नीति घाटी और बेदनी कुंड सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद पहाड़ों ने सफेद चादर ओढ़ ली है और चारों ओर खूबसूरत नजारे देखने को मिल रहे हैं। वहीं, बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी से पहाड़ों की चोटियां बर्फ से ढक गई हैं।मौसम में आए इस बदलाव के बाद इस बार अधिक बर्फबारी होने की संभावना को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, आगामी दिनों में बर्फबारी की स्थिति मौसम के रुख पर निर्भर करेगी। कड़ाके की ठंड में भी श्रद्धालुओं की आस्था बरकरार
बर्फबारी और गिरते तापमान के बावजूद बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखाई दे रही है। श्रद्धालु कड़ाके की ठंड के बीच भी दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस दौरान श्रद्धालु बर्फबारी के बीच प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद भी ले रहे हैं। अपर जिला अधिकारी के अनुसार मौसम विभाग ने बारिश और बर्फबारी को लेकर पहले ही अलर्ट जारी किया था। इसके मद्देनजर बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए थे।प्रशासन ने बताया कि मौसम विभाग की ओर से जारी बारिश और बर्फबारी की पूर्व चेतावनी सही साबित हुई है। बद्रीनाथ धाम में बढ़ती ठंड को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलाव की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को ठंड से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *