हिमालय क्षेत्र में होगा हिमपात

नैनीताल : कुमाऊं के सूखाग्रस्त क्षेत्रों में अगले सप्ताह वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 23 व 24 जनवरी को वर्षा होने के आसार नजर आने लगे हैं, अलबत्ता इस बीच उच्च हिमालय क्षेत्र में हिमपात होगा। इधर, सरोवरनगरी में बुधवार को हल्के बादल आसमान में मंडराते रहे, जिससे ठिठुरन बढ़ गई।

मानसून के बाद पश्चिमी विक्षोभ की पहुंच तक नही होने के कारण सूखे के हालात बरकरार हैं। मौसम विभाग के राज्य निदेशक डॉ. विक्रम सिंह के अनुसार राज्य में अभी तक कई बार जाडे़ की वर्षा हो जानी चाहिए थी, परंतु कमजोर पश्चिमी विक्षोभ यहां तक पहुंच नही पाए। जिस कारण इस दौरान सूखा बना रहा। अब एक शक्तिशाली विक्षोभ सक्रिय हो उठा है, जिसके 23 जनवरी तक यहां पहुंचने की संभावना है।

इससे उम्मीद है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होगी। तीन हजार मीटर से ऊंचाई वाले पर्वतीय हिस्सों में हिमपात होगा। नैनीताल सरीखे ऊंचाई वाले भागों में तापमान अधिक होने के कारण हिमपात की संभावना कम ही है। हिमपात के लिए डेड़ माह का समय शेष है। इस अवधि के दौरान हिमपात की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है।

वहीं, सरोवर नगरी में बुधवार को छाए बादलों से ठंड महसूस हुई। जीआइसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 16 व न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *