परिवहन निगम के बस बेड़े में होंगी अत्याधुनिक वॉल्वो बसें शामिल - News Detail

परिवहन निगम के बस बेड़े में होंगी अत्याधुनिक वॉल्वो बसें शामिल

देहरादून : परिवहन निगम अब अपने बस बेड़े में अत्याधुनिक वॉल्वो बसें शामिल करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए नई 10 वॉल्वो बसें खरीदी जाएंगी। इन बसों को देहरादून-दिल्ली, देहरादून-हल्द्वानी व दिल्ली-हल्द्वानी मार्ग पर चलाया जाएगा। अभी तक निगम में जितनी वॉल्वो बसें चल रही हैं, वे अनुबंध के आधार पर चल रही हैं।

परिवहन निगम ने वर्ष 2004 में अपने बस बेड़े में दो वॉल्वो बसों को शामिल किया था। आरामदायक व वातानुकूलित इन बसों को यात्रियों ने किराया अधिक होने के बावजूद हाथों हाथ लिया। हालांकि, शुरुआती दौर में इन बसों के संचालन को लेकर जरूर कुछ दिक्कतें आई। धीरे-धीरे वॉल्वो निगम की आय का एक प्रमुख जरिया बन गई। इस कारण निगम ने भी वॉल्वो की संख्या बढ़ानी शुरू कर दी।

दो बसों से शुरू की गई वॉल्वो बस सेवा में अब 48 बसें जुड़ चुकी हैं। अभी भी यही बसें निगम को संख्या के लिहाज से सबसे अधिक राजस्व दे रही हैं। इन बसों में से जुलाई में 16 बसों से अनुबंध समाप्त हो रहा है।

यह समय परिवहन निगम के पीक सीजन का है। पूरे वर्ष में मई से लेकर अगस्त तक परिवहन निगम की सबसे अधिक आय होती है। इसे देखते हुए परिवहन निगम को नई वॉल्वो बसें लेनी हैं। अभी तक निगम में जितनी भी वॉल्वो बसें हैं, वे अनुबंध के आधार पर संचालित हो रही हैं।

हाल ही में परिवहन मंत्री यशपाल आर्य की अध्यक्षता में हुई बैठक में वॉल्वो बसों को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान परिवहन मंत्री ने निगम को स्वयं की बसें खरीदने के सुझाव दिया। अब इसी कड़ी में परिवहन निगम आगे बढ़ रहा है। निगम के महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन का कहना है कि जल्द ही बसों के क्रय के संबंध में निर्णय ले लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *