21वें राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने पर अनीश भानवाल, तेजस्विनी सावंत और अंजुम मुद्गल को क्रिकेटर वीरेन्द्र सहवाग ने दी बधाई

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेन्द्र सहवाग ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के नौवें दिन निशानेबाजी में पदक जीतने पर अनीश भानवाल, तेजस्विनी सावंत और अंजुम मुद्गल को बधाई दी है। सहवाग ने ट्विटर पर बधाई देते हुए लिखा, अविश्वसनीय- केवल 15 वर्ष की उम्र में अनीश भानवाल ने 25 मी रैपिड पिस्टल में स्वर्ण पदक हासिल किया है। बधाई अनीश।

उन्होंने आगे लिखा, इसके अलावा महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में स्वर्ण जीतने पर तेजस्विनी सावंत और रजत पदक जीतने पर अंजुम मुद्गल को भी बधाई। उल्लेखनीय है कि तेजस्विनी ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में 457.9 स्कोर के साथ स्वर्ण जीतते हुए राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड बनाया। इस स्पर्धा का रजत पदक अंजुम मुद्गल ने 455.7 स्कोर के साथ जीता।
वहीं, पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में नए विश्व रिकार्ड के साथ 15 वर्षीय भारतीय निशानेबाज अनीश ने स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने फाइनल में कुल 30 अंक हासिल किये। भारत के अब इन खेलों में 36 पदक हो गए हैं, जिसमें 17 स्वर्ण,8 रजत और 11 कांस्य पदक शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *