हरिद्वार: गुजरात से तीर्थयात्रा पर हरिद्वार पहुंचे एक श्रद्धालु परिवार की बच्ची के साथ आश्रम के महंत ने छेड़छाड़ कर दी। बच्ची के शोर मचाने पर उसके परिजनों व अन्य तीर्थयात्रियों ने आरोपित महंत को पकड़ लिया और जमकर धुनाई की। जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने महंत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गुजरात से श्रद्धालुओं का एक जत्था तीर्थयात्रा पर हरिद्वार आया हुआ है। जिसमें 20 से ज्यादा परिवार शामिल हैं। सभी श्रद्धालु कनखल के सूरत गिरी बंगला आश्रम में ठहरे हुए हैं। रविवार को परिवार के कुछ सदस्य आश्रम से बाहर गए हुए थे। जबकि कुछ लोग आश्रम में ही मौजूद थे। तभी एक कमरे से बच्ची के रोने के आवाज आई। परिवार दौड़कर कमरे में पहुंचा तो करीब 50 वर्षीय महंत बच्ची के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। पूछने पर बच्ची ने रोते-रोते आपबीती बताई। जिससे लोग आक्रोशित हो गए और महंत की धुनाई शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास से भी लोग आश्रम पहुंच गए और महंत की पिटाई की।
पुलिस को बुलाकर आरोपित महंत को उनके हवाले कर दिया गया। कनखल थाना प्रभारी ओमकांत भूषण ने बताया कि आरोपित औचित्यानंद चेला विज्ञानानंद 10 साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बच्ची के परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है। जरूरत पड़ने पर बच्ची का मेडिकल कराया जाएगा। आरोपित महंत को जेल भेजा जा रहा है।