भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में कांग्रेस के कार्यालय के बाहर होगा प्रदर्शन

नई दिल्ली । पश्चिम बंगाल में पिछले दिनों हुई राजनीतिक हिंसा और भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली में सड़कों पर उतरेंगे। 18 से 26 जून तक पार्टी के कार्यकर्ता तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर अपना रोष जताएंगे। भाजपा का कहना है कि पार्टी के बढ़ते जनाधार से ममता बनर्जी सरकार बौखला गई है। साजिश के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले किए जा रहे हैं।

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी का कहना है कि साथी कार्यकर्ताओं पर हो रहे सरकार के प्रायोजित हमले से दिल्ली के कार्यकर्ता व्यथित हैं। पश्चिम बंगाल, केरल, ओडिशा एवं तमिलनाडु जैसे राज्यों में भाजपा की राजनीतिक शक्ति बढ़ रही है। इससे वहां की सत्ताधारी पार्टियां भाजपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार कर रही हैं।

2017 के प्रारंभ में केरल में भी भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा की कई घटनाएं हुई थीं। उसके खिलाफ भी दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था। पिछले कुछ माह से पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार किए जा रहे हैं। कई कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई है। दिल्ली भाजपा इसके खिलाफ आवाज उठाएगी। दिल्ली प्रदेश भाजपा महामंत्री रविंद्र गुप्ता इस आंदोलन का संयोजन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *