कर्नाटक में कांग्रेस की विजय रैली पर एसिड अटैक, 10 कार्यकर्ता जख्मी - News Detail

कर्नाटक में कांग्रेस की विजय रैली पर एसिड अटैक, 10 कार्यकर्ता जख्मी

नई दिल्ली: कर्नाटक में निकाय चुनाव के वोटों की गिनती चल रही है. कांग्रेस एक नंबर पर तो बीजेपी दूसरे नंबर पर है. जीत दर्ज करने वाले नेता रैलियां निकाल रहे हैं. तुमकुर में एक ऐसी ही रैली के दौरान बड़ी घटना हो गई जिसमें एसिड अटैक में कांग्रेस के 10 कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है. घायलों को फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि एसिड हमले के पीछे किसका हाथ है.

इस घटना के बारे में तुमकुर के एसपी ने कहा, कांग्रेस उम्मीदवार की जीत के बाद उनके समर्थकों ने रैली निकाली. उसी भीड़ में छुपे किसी शख्स ने लोगों पर एसिड छिड़क दिया. इससे कुछ लोगों ने एलर्जी की शिकायत की जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टर के मुताबिक, जिस लिक्विड का इस्तेमाल हुआ, वह बाथरूम क्लिनर जैसा लग रहा है. जख्मी सभी 10 लोग खतरे से बाहर हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है. अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. एक शख्स ने इस मामले में केस दर्ज कराया है.

राज्य की 105 निकाय सीटों के 2709 वार्डों पर नतीजे घोषित किए जा रहे हैं. अभी तक सामने आए नतीजों में कांग्रेस ने काफी बड़ी बढ़त बना ली है. अभी तक 2709 वार्डों में से कुल 2592 वार्ड के नतीजे सामने आए हैं. इनमें से कांग्रेस ने 954, बीजेपी ने 905 और जेडी (एस) ने 364 सीटों पर जीत दर्ज की है. इनके अलावा 277 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है.

विधानसभा चुनाव के बाद एक बार कांग्रेस और जेडीएस एक दूसरे के खिलाफ लड़े हैं. यही वजह है कि निकाय चुनाव में कांग्रेस, बीजेपी और जेडीएस के बीच कांटे का मुकाबला है. बता दें कि 31 अगस्त को निकाय चुनाव के लिए वोट डाले गए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *