भोपाल से कांग्रेस ने किया चुनावी प्रचार शुरू, 21 पंडितों ने कराया मंत्रोचार

भोपाल । मध्य प्रदेश में आगामी चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने राजधानी भोपाल से अपना चुनावी प्रचार शुरू कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के रोड शो के साथ ही कांग्रेस आज शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। मध्य प्रदेश में भी राहुल गांधी की सॉफ्ट हिंदुत्व की झलक देखने को मिली है। जहां मंत्रोच्चार और कन्या पूजन के साथ राहुल ने अपने रोड शो को शुरू किया। राहुल ने भोपाल में लालघाटी से दशहरा मैदान तक करीब 13 किलोमीटर के रोड शो के साथ पार्टी चुनाव अभियान का आगाज किया है।

सॉफ्ट हिंदुत्व की राह पर कांग्रेस

दोपहर करीब एक बजे राहुल गांधी भोपाल पहुंचे थे। उनके स्वागत के लिए कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद थे। जहां राहुल के रोड शो की शुरुआत से पहले पूजा-अर्चना और शंखनाद किया गया। इतना ही नहीं, कांग्रेस कार्यकर्ता गणेश प्रतिमा भी साथ लेकर आए थे। इसके जरिए कांग्रेस ने साफ संकेत दिया कि पार्टी राज्य में सॉफ्ट हिंदुत्व की राह पर आगे बढ़ेगी।  रोड शो से पहले राजधानी भोपाल को कांग्रेस ने राहुल गांधी और अन्य नेताओं के पोस्टरों से पाट दिया गया था। इन पोस्टरों में राहुल गांधी की टीका और अक्षत वाली तस्वीरें दिख रही थीं।

इसके अलावा एक तस्वीर में वे शिवलिंग पर जल चढ़ाते भी नजर आ रहे थे, जबकि बैकग्राउंड में कैलास मानसरोवर की तस्वीर थी। इस तस्वीर में राहुल गांधी को शिवभक्त करार दिया गया है। इससे पहले भी पार्टी उन्हें शिव भक्त के रूप में पेश कर चुकी है।

21 पंडितों ने कराया मंत्रोचार

बता दें कि लालघाटी चौराहे पर 21 पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच 11 कन्याओं ने तिलक लगाकर राहुल गांधी की आरती उतारी और उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे। यहां से राहुल गांधी बस में सवार हुए। बस में उनके साथ कमलनाथ व सिंधिया के अलावा प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया, दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, अजय सिंह, अरुण यादव, विवेक तनखा, कांतिलाल भूरिया, राजमणि पटेल व आरिफ अकील मौजूद हैं। राहुल गांधी के इस शो और सभा के लिए प्रदेशभर से कांग्रेसी भोपाल पहुंचे हैं। इस दौरे को लेकर कांग्रेसियों में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है।

बता दें कि मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अभी से कमर कस ली है। कांग्रेस ने प्रचार के लिए अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को मैदान में उतारा है। इसी के चलते राहुल गांधी आज भोपाल के दौरे पर हैं। रोड शो के अलावा राहुल पार्टी कार्यकर्ताओं से बात भी करेंगे और उन्हें जीत का मंत्र भी देंगे।

ये रहेगा रोड शो का रूट

राहुल गांधी का रोड शो भोपाल के लालघाटी से शुरू हुआ। इसके बाद उनका काफिला वीआइपी गेस्ट हाउस, कलेक्टोरेट के सामने, इमामी गेट, सदर मंजिल, कमला पार्क, पॉलिटेकनिक चौराहा, बाण गंगा, रोशनपुरा चौराहा, अपेक्स बैंक, पीसीसी, ज्योति टॉकिज, चेतक ब्रिज, कस्तूरबा नगर तिराहे से अन्ना नगर होते हुए दशहरा भेल मैदान जाएगा। जहां पर सम्मेलन का आयोजन किया गया है, यहां राहुल कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। जानकारी के मुताबिक, राहुल के संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस के करीब 1,5000 कार्यकर्ता भाग लेने की उम्मीद है। जिनमें ब्लॉक, जिला एवं प्रदेश स्तर के कार्यकर्ता, पार्षद एवं पार्टी के बड़े नेता मौजूद रहेंगे।

राज्य में 15 साल से सत्ता से दूर कांग्रेस 

गौरतलब है कि मध्‍य प्रदेश में बीते 15 साल से कांग्रेस सत्‍ता से दूर है। ऐसे में कांग्रेस राहुल गांधी के रोड शो को मेगा रोड शो बनाने में एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने खुद तैयारियों पर नजर रखे हुए हैं।