आधी रात ‘किसान घाट’ पर खत्म हुई किसान क्रांति पदयात्रा

गाजियाबाद। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के साथ पहले दौर की वार्ता विफल हो जाने के बाद यूपी गेट पर डेरा डाले करीब तीस हजार किसानों को मंगलवार देर रात एक बजे दिल्ली पुलिस ने महात्मा गांधी की समाधि राजघाट जाने की इजाजत दे दी। यूपी गेट पर लगाए गए बैरिकेड हटा लिए गए। बुधवार रात को तकरीबन एक बजे के आसपास किसान अपने ट्रैक्टर और पुलिस की बसों में भरकर किसान घाट के लिए रवाना हुए। इसके बाद किसान देर रात राजघाट होते हुए ‘किसान घाट’ पहुंचे, जहां किसान क्रांति पदयात्रा को समाप्त कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, बड़ी संख्या में किसान दिल्ली के ‘किसान घाट’ पहुंचकर वहां पर कुछ देर रुके और बुधवार सुबह चार बजे के बाद वापस यूपी की ओर लौटने लगे। बताया जा रहा है कि दिल्ली से सभी किसान सुबह 6 बजे तक यूपी के लिए लौट चुके थे। अब किसान गाजियाबाद के रास्ते वापस अपने-अपने घरों को लौट रहे हैं।  वहीं, इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन (BKU) के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने किसान क्रांति पदयात्रा को लेकर कहा कि 23 सितंबर को शुरू हुई किसान क्रांति पदयात्रा को दिल्ली में किसान घाट पर समाप्त किया जाना था। उन्होंने दिल्ली पुलिस को घेरते हुए कहा कि पहले हमें दिल्ली में प्रवेश करने की इजाजत नहीं दी, जिसका हमने विरोध किया। हमारा लक्ष्य केवल यात्रा को पूरा करना था जो हमने पूरा कर लिया है। अब हम लोग अपने गांव वापस लौट जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *