डेढ़ साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म - News Detail

डेढ़ साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म

गाजियाबाद/वैशाली, । इंदिरापुरम थानाक्षेत्र के वैशाली इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। वैशाली निवासी दंपती ने पड़ोसी युवक पर उनकी डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और नुकीले हथियार से उसके नाजुक अंगों पर वार करने का आरोप लगाया है। मामला रविवार रात का है और सोमवार शाम को इलाज के बाद बच्ची को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वैशाली निवासी पीड़ित परिवार मजदूरी करता है। पिता ने बताया कि रविवार रात को उनकी पत्नी डेढ़ वर्षीय बेटी को लेकर पड़ोस के मकान में रहने वाले रिश्तेदार के घर गई थीं। इस दौरान रिश्तेदार के पड़ोस में रहने वाला युवक बच्ची को गोद में लेकर अपने घर में चला गया।आरोपी कुछ देर बाद बच्ची को मां के पास छोड़ गया तो वह रोने लगी। उसके नाजुक अंगों से खून बह रहा था। जिसके बाद परिजन बच्ची को एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां इलाज के बाद सोमवार शाम उसे छुट्टी दे दी गई। मंगलवार दोपहर परिजन ने तहरीर देकर युवक पर दुष्कर्म और नुकीले हथियार से बेटी को घायल करने का आरोप लगाया। आरोपी युवक कालोनी में ही चौकीदारी करता है।कौशांबी के निजी अस्पताल में बच्ची का इलाज करने वाली डा. मीनाक्षी सेठ ने बताया कि परिजनों ने बताया कि बच्ची खेलते-खेलते गिर गई है। लकड़ी पर गिरने से उसे चोटें आई हैं। हालांकि उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दे दी थी। बच्ची को 18-19 टांके आए हैं। अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। उधर, पीड़िता के पिता ने बताया कि घटना के दिन अस्पताल के कर्मचारी पुलिस केस होने की बात कह रहे थे। इससे वह डर गए थे कि कहीं पुलिस केस के चलते उनकी बच्ची के इलाज में देरी न हो। साथ ही उन्हें अपनी बदनामी का डर भी सता रहा था। सोमवार को बच्ची के घर आने के बाद उन्होंने मंगलवार को शिकायत दी।एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि अस्पताल की ओर से रविवार को उन्हें जानकारी दिए जाने के बाद उन्होंने परिजनों से रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा था। परिजनों ने बताया था कि बच्ची खेलते-खेलते गिर गई है। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार कर दिया था। शिकायत मिलते ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी बच्ची को गोद में लेकर जाता दिख रहा है। मामला आपसी विवाद से जुड़ा भी हो सकता है। ऐसे में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *