जमशेदपुर/राजनगर। रफ़तार की भेंट एक और जिंदगी चढ़ गई। कोल्हान प्रमंडल के सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर बलियासाई के समीप सड़क हादसे में एक भाई की जान चली गई जबकि दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज स्थानीय अस्पताल में किया जा रहा है। दुर्घटना शनिवार सुबह करीब नौ बजे हुई।बताया गया है कि मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन तीन युवक हाता-चाईबासा मार्ग से गुजर रहे थे। बलियासाई के पास मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई। चालक संतुलन नहीं बना पाया और मोटरसाइकिल पलट गई। मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवक दूर जा गिरे। एक की मौके पर मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल भेजने का इंतजाम किया और पुलिस को सूचना दी। मृत युवक ठाकुर सोरेन पूर्वी सिंहभूम के सुंदरनगर थाना क्षेत्र के पोन्डेहाषा का रहनेवाला था। दो अन्य सगे भाई बबलू तियु और सागर तियु भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों भाई नंदुप गांव के हैं।