छठ पूजा: नहाय खाय के साथ आज शुरू हुआ पर्व

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल और बिहार का प्रसिद्घ छठ पर्व रविवार से शुरू हो रहा है। छठ मनाने के लिए हजारों श्रद्घालु गंगा नगरी पहुंच गए हैं। रविवार को अनेक छोटी-छोटी छठ यात्राएं विभिन्न क्षेत्रों से निकलेंगी। यह सभी यात्राएं ललतारौ पुल पर आपस में मिलकर मुख्य यात्रा में परिवर्तित हो जाएंगी। हरकी पैड़ी पर सैकड़ों पूर्वांचल वासियों की ओर से मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया जाएगा। इसी के साथ चार दिन चलने वाला छठ महोत्सव प्रारंभ हो रहा है। छठ पर्व की शुरूआत घरों में पूजा बैठाकर होती है। शोभायात्रा निकालते हुए सैकड़ों महिलाएं अनेक कालोनियों एवं मोहल्लों से सिर पर मंगल कलश लेकर गीत गाते हुए रवाना होंगी। ललतारौ पुल पर सभी यात्राएं मिलकर महायात्रा में बदल जाएंगी। हरकी पैड़ी पहुंचकर इस यात्रा में तीर्थ यात्री भी शामिल होंगे। हरकी पैड़ी पर पूर्वांचल वासी गंगा स्नान करेंगे और दूध से मां गंगा का अभिषेक किया जाएगा। यहां से सभी स्त्री पुरुष गंगाजल भरकर अपने-अपने घर पहुंचेंगे। घरों के पूजा स्थल पर छठ पूजा के पवित्र डाले स्थापित कर दिए जाएंगे।
खरना के साथ छठ पूजा की शुरूआत एक बार फिर सोमवार को होगी। इस दिन घरों में अनेक प्रकार के पकवान बनाए जाएंगे। पहला भोजन लौकी और चावल का किया जाएगा। 12 नवंबर की रात से व्रत प्रारंभ हो जाएगा। 13 नवंबर को सायंकाल मुख्य पर्व होगा। इसी दिन हजारों महिलाएं पवित्र डाले लेकर गीत गाते हुए गंगा के तटों पर जाएंगी। वहां अस्त होते सूर्य को अर्घ्य प्रदान किया जाएगा। पर्व का समापन 14 नवंबर को सुबह उगते सूर्य को जल चढ़ाने के बाद होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *