देहरादून। मीटू प्रकरण में भाजपा प्रदेश महामंत्री पद से हटाए गए संजय कुमार पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने एफआईआर दर्ज कराने के लिए शनिवार को ई-मेल से एसएसपी को तहरीर भेजी है।
तहरीर में संजय कुमार के अलावा भाजपा से जुड़े एक दंपति पर भी आरोप लगाए गए हैं। एसएसपी ने तहरीर आने की बात संज्ञान में होने से इनकार किया है। भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता ने भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री संजय कुमार के खिलाफ मोबाइल पर अश्लील सामग्री भेजने के साथ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था।
बता दें कि, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को शिकायत के बाद भी संजय कुमार व अन्य के खिलाफ कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने ‘अमर उजाला’ कार्यालय आकर अपनी पीड़ा बताई थी। पीड़ित ने यौन उत्पीड़न संबंधी साक्ष्य भी उपलब्ध कराए थे।