सीएम के जन्मदिन पर भाजपा मुख्यालय में सुंदरकांड का पाठ

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का जन्मदिन गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में उत्साह व गरिमा के साथ मनाया गया। इस उपलक्ष्य में मुख्यालय में हवन व सुंदरकांड का पाठ किया गया। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख देवेंद्र भसीन ने बताया कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का 59वां जन्मदिन उत्साह व गरिमा के साथ मनाया गया। सुंदरकांड के बाद प्रसाद स्वरूप सहभोज का आयोजन किया गया है।नगर निगम की ओर से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के जन्मदिन पर शहर में 15 दिन तक विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। महापौर सुनील उनियाल गामा ने निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर जिम्मेदारी तय की। विशेष सफाई अभियान की बैठक में महापौर ने मुख्यमंत्री के जन्मदिन को लेकर 20 दिसंबर से पांच जनवरी तक अभियान चलाने के निर्देश दिए। हड़ताल के कारण बर्खास्त किए गए 120 सफाई कर्मियों को दोबारा काम पर रखने से महापौर ने मना कर दिया। बर्खास्तगी के बाद इन कर्मियों ने दोबारा काम पर आने की अपील करते हुए महापौर से बुधवार को मुलाकात की। महापौर ने कहा कि इन कर्मियों के बदले नए कार्मिक रखे जाएंगेनगर आयुक्त ने वार्ड 1 से 50 तक की जिम्मेदारी सहायक नगर आयुक्त विजलदास तथा वार्ड 51 से 100 तक की व्यवस्था के लिए सहायक नगर आयुक्त रविंद्र कुमार दयाल को सौंपी है। इसके अलावा मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी और वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी कूड़ा उठान व कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव कराने की जिम्मेदारी दी गई।मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जन्मदिन के मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में कई जगह कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ऋषिकेश रोड डोईवाला स्थित गोवर्धन मंदिर में भाजपाइयों द्वारा उनकी दीर्घायु की कामना के लिए हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। हवन यज्ञ के बाद गरीबों को कंबल वितरित किए गए। वहीं लक्ष्मण सिद्ध मंदिर में पूजा यज्ञ के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। थानो, रानीपोखरी आदि ग्रामीण क्षेत्रों में भी मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *