पाक में हिंदू लड़कियों का जबरन धर्म परिवर्तन, विदेश मंत्री के एक्शन के बाद पाक पीएम ने दिए जांच के आदेश - News Detail

पाक में हिंदू लड़कियों का जबरन धर्म परिवर्तन, विदेश मंत्री के एक्शन के बाद पाक पीएम ने दिए जांच के आदेश

नई दिल्ली। होली की पूर्व संध्या में पाकिस्तान के सिंध प्रांत में दो हिंदू लड़कियों का अपहरण किया गया। अपहरण के बाद दोनों नाबालिग हिंदु लड़कियों का मुस्लिम समुदाय द्वारा जबरन धर्म परिवर्तन भी किया गया। भारत ने इस घटना में कड़ा रूख अपनाते हुए पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त से रिपोर्ट मांगी है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के एक्शन के बाद पाक पीएम इमरान खान ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

रविवार दोपहर सुषमा स्वराज ने घटना से जुड़ी एक मीडिया रिपोर्ट को ट्वीट करते हुए पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त को मामले पर एक रिपोर्ट भेजने के लिए कहा था। जिसके तुरंत बाद ही पाक सूचना मंत्री चौधरी ने ट्वीट कर बताया कि पाकिस्तान में इस मामले की जांच हो रही है। उर्दू में ट्वीट करते हुए चौधरी ने लिखा कि ‘पाक पीएम इमरान ने हिंदू लड़कियों संग हुई शर्मसार घटना पर जांच के आदेश दे दिए हैं।  पीएम इमरान खान ने सिंध प्रांत के मुख्यमंत्री से बात कर इस मामले पर तुंरत कार्यवाई के सख्त निर्देश दिए हैं।’

बता दें कि भारत हमेशा ही पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों खासकर हिंदू समुदाय के मुद्दों को उठाता रहा है। जिसको लेकर अब सुषमा स्वाराज ने पाकिस्तान में भारतीय दूतावास से इस मामले पर और जानकारी मांगी थी।

गौरतलब है कि यह घटना होली की पूर्व संध्या पर सिंध प्रांत में घोटकी जिले के धारकी शहर में हुई थी। घटना के बाद इलाके में हिंदू समुदाय ने विरोध प्रदर्शन किया। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पाकिस्तान हिंदू सेवा वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय धनजा ने पाक पीएम इमरान खान से मामले का संज्ञान लेने और दोषियों पर कार्यवाई करने की मांग की है।

एक आधिकारिक अनुमान के अनुसार, पाकिस्तान में 75 लाख हिंदू रहते हैं। हालांकि, हिंदू समुदाय के अनुसार पाकिस्तान में 90 लाख से अधिक हिंदू रह रहे हैं। पाकिस्तान की अधिकांश हिंदू आबादी सिंध प्रांत में बसी हुई है। जहां, वे अपने मुस्लिम साथियों के साथ संस्कृति, परंपरा और भाषा साझा करते हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *