'मैं भी चौकीदार' अभियान में संवाद करेंगे मोदी - News Detail

‘मैं भी चौकीदार’ अभियान में संवाद करेंगे मोदी

लखनऊ। ‘मैं भी चौकीदार’ अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये उत्तर प्रदेश के सभी 80 संसदीय क्षेत्रों में संवाद करेंगे। भाजपा ने इस अभियान के लिए व्यापक तैयारी शुरू की है। रविवार शाम पांच बजे होने वाले इस संवाद का मुख्य आयोजन दिल्ली में होगा जहां मोदी चौकीदारों के साथ संवाद करेंगे और उसकी कड़ी उप्र के सभी क्षेत्रों से जुड़ेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने इस अभियान की सफलता के लिए सहयोगियों से विचार-विमर्श किया। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये होने वाले इस संवाद में भाजपा नेताओं और एनडीए के सहयोगियों को भी शामिल किया जाएगा। भाजपा इस अभियान के जरिये विपक्ष खासतौर से कांग्रेस पर भी निशाना साधेगी।

दरअसल कांग्रेस ने ‘चौकीदार चोर है’ का नारा उछाल दिया है, जिसको लेकर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। महेंद्र पांडेय कहते हैं ‘कांग्रेस ने देश के सभी चौकीदारों का अपमान किया है क्योंकि नामदारों का काम नफरत फैलाना है।’

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि अभियान में डाक्टर, वकील, एकाउंटेंट, आइटी प्रोफेशनल्स समेत सभी नव मतदाता शामिल होंगे। किसान, पूर्व सैनिक और व्यापारियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी ने खुद को देश के प्रथम सेवक और चौकीदार के रूप में पेश किया था। मोदी ने 16 मार्च को ‘मैं भी चौकीदार’ अभियान की शुरुआत की।

चौकीदार को परिभाषित करते हुए मोदी ने कहा कि हर कोई जो गरीबी, भ्रष्टाचार, गंदगी, आतंकवाद और अन्य सामाजिक बुराइयों से लड़ रहा है, वह सभी चौकीदार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *