नशे में धुत कार चालक ने युवक को रौंदा, मौत

देहरादून। राजपुर रोड पर देर रात कार सवार सिविल इंजीनियर ने सड़क पर पैदल चल रहे राजमिस्त्री को कुचल दिया। हादसे में राजमिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पुलिस के अनुसार हादसे के वक्त कार चालक अत्यधिक नशे में था। उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित के खिलाफ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार हादसा देर रात करीब 12 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मसूरी की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने सड़क के किनारे चल रहे युवक को कुचल दिया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को संभालने की कोशिश की और पुलिस को भी घटना की जानकारी दे दी। कार चालक अत्यधिक नशे में था। थोड़ी दूर जाकर उसने कार रोक दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक घायल की मौत हो चुकी थी। उसके पास से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान आमिर खान (25) पुत्र मुमताज अली निवासी तरली कंडोली, राजपुर के रूप में हुई।

उधर, कार चालक की पहचान विनोद कुमार पुत्र हिम्मत सिंह निवासी फ्लैट नंबर 505, माधव रेजीडेंसी, शांति विहार, मोथरोवाला रोड, नेहरू कॉलोनी के रूप में हुई। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि विनोद वन विभाग में सिविल इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। घटना के समय वह नशे में था। मेडिकल के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। विनोद के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या का मुकदमा डालनवाला कोतवाली में दर्ज कर लिया गया है। कार को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *