उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा ने कसी कमर

देहरादून । हरिद्वार को छोड़कर शेष 12 जिलों में सितंबर में संभावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। पार्टी की प्रांतीय कार्यसमिति की बैठक में इन चुनावों में परचम फहराने का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही पंचायत चुनाव के लिए कमेटी गठित कर दी गई है, जो प्रदेश में पंचायत चुनाव संचालन के साथ ही जिलों में विभिन्न व्यवस्थाएं भी देखेगी। लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल करने वाली भाजपा के सामने अब अगली चुनौती त्रिस्तरीय (ग्राम, क्षेत्र व जिला) पंचायत चुनाव की है। बता दें कि हरिद्वार को छोड़ अन्य जिलों में त्रिस्तरीय पंचायतों का कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा है। चुनाव सितंबर में संभावित हैं। इसके लिए पार्टी ने कसरत शुरू कर दी है।

स्वर्गाश्रम में हुई भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भी पंचायत चुनाव की रणनीति पर मंथन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद अजय भट्ट के अनुसार पंचायत चुनाव में भी भाजपा जोरदार प्रदर्शन करेगी। उन्होंने बताया कि राज्य में पंचायत चुनाव संचालन के लिए कमेटी का गठन कर दिया गया है। इसमें राज्यमंत्री डॉ.धन सिंह रावत, विधायक पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल, दायित्वधारी नरेश बंसल, पूर्व प्रमुख नीरू देवी को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुट जाने को कहा गया है। प्रदेश भाजपा में सांगठनिक स्तर पर दो बड़े बदलाव किए गए हैं। दायित्वधारी नरेश बंसल और गजराज सिंह बिष्ट से प्रदेश महामंत्री का जिम्मा वापस ले लिया गया है। उनकी जगह पार्टी नेता अनिल गोयल और राजू भंडारी को प्रांतीय महामंत्री बनाया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष एवं नैनीताल से सांसद अजय भट्ट के अनुसार स्वर्गाश्रम में हुई प्रांतीय कार्यसमिति की बैठक में संगठन की सहमति के बाद यह फेरबदल किया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि प्रांतीय महामंत्री का जिम्मा देख रहे नरेश बंसल को सरकार में बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति में उपाध्यक्ष और दूसरे महामंत्री गजराज सिंह बिष्ट को कृषि उत्पादन मंडी परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है। दोनों ही पद बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्हें जिलों में बैठकें करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के मद्देनजर कदम उठाने हैं। भट्ट के मुताबिक प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि नरेश बंसल व गजराज सिंह बिष्ट की सरकार में सक्रियता अधिक से अधिक सुनिश्चित कराई जाए। इसके मद्देनजर उनके स्थान पर पार्टी में वरिष्ठ नेता अनिल गोयल व राजू भंडारी को प्रांतीय महामंत्री बनाया गया है। दोनों ही नेता पूर्व में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। दिसंबर तक मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि उनका तो कार्यकाल पहले ही खत्म हो चुका है, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने फिलहाल उन्हें अध्यक्ष पद पर बने रहने को कहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने पर दिसंबर तक नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव हो जाएगा। अगले वर्ष जनवरी प्रथम सप्ताह तक नई प्रांतीय कार्यकारिणी वजूद में आ जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *