धूप खिलने से लोगों को मिली काफी राहत

देहरादून। तीन दिन तक लगातार बारिश और बर्फबारी के बाद प्रदेश में मौसम का मिजाज कुछ सुकून देने वाला रहा। धूप खिलने से लोगों ने काफी राहत महसूस की। हालांकि, दून और मसूरी में दोपहर बाद फिर से बर्फीली हवाएं चलने लगीं। जिससे धूप में भी लोगों की कंपकंपी छूट गई। वहीं, मसूरी में हुए हिमपात से दुश्वारियां बरकरार हैं। रातभर शहर के अधिकांश हिस्से में बत्ती गुल रही। सुबह के समय नलों में पानी जम गया। उधर, धनोल्टी और चकराता में भारी बर्फबारी के कारण मार्ग बंद है। जिससे धनोल्टी में बाहरी राज्यों के 20 पर्यटक फंसे हुए हैं। यहां दिनभर सड़क से बर्फ हटाने का कार्य चलता रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 10 से 12 जनवरी तक प्रदेश में आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन 12 जनवरी की शाम मौसम फिर करवट बदल सकता है। केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने 11 और 12 जनवरी को प्रदेश के मैदानी इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने और कड़ाके की ठंड पड़ने की चेतावनी जारी की है। नौ जनवरी को देहरादून का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 16.2 व 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 10 जनवरी को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *