बीजेपी में शामिल हुए कई दिग्गज कांग्रेसी

पिथौरागढ़- एक समय में कुमाऊं का राजा कहा जाने वाला मालदार परिवार भाजपा में शामिल हो गया है, इस परिवार के रिश्ते भारत की आजादी से पहले से अब तक कांग्रेस के साथ रहे लेकिन बदलते दौर में कुमाऊं में खासा प्रभाव रखने वाले इस परिवार ने भगवा चोला पहन लिया है।

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मालदार परिवार के भाजपा से जुड़ने पर भाजपाइयों का जोश दोगुना नजर आ रहा है। आजादी की लड़ाई के दौर में कुमाऊं का मालदार परिवार देश के टॉप टेन पूंजीपतियों में शामिल था, लेकिन  अब उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है।

कांग्रेस छोड बीजेपी में शामिल होने वाले नेताओं से पिथौरागढ़ में भी खलबली मचने लगी है। पार्टी के प्रदेश स्तरीय नेता कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने लगे हैं। पूर्व प्रदेश सचिव एवं कांग्रेस सेवादल के प्रदेश संगठन मंत्री चंद्रभानु जोशी ने समर्थकों के साथ कांग्रेस से नाता तोड़ कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। चंद्रभानु जोशी कार्यकर्ताओं में गहरी पैठ वाले नेता माने जाते रहे हैं। युवा नेता चंद्रभानु जोशी का कांग्रेस पार्टी में काफी लंबा सफर रहा है। 2012 में चंद्रभानु जोशी धारचूला विधानसभा सीट से कांग्रेस से टिकट की दावेदार भी की थी। लेकिन उन्हे पार्टी ने टिकट नहीं दिया। उन्हें भाजपा नेता भगत सिंह कोश्यारी ने सदस्यता दिलाई ।

जिले में अभी तक पिथौरागढ़ में ही कांग्रेसी नेताओं का भाजपा में पलायन हो रहा था। दर्जा राज्यमंत्री महेंद्र लुंठी, प्रदेश सचिव राजेंद्र भट्ट सहित कई लोग बीते दिनों कांग्रेस छोड़कर भाजपा में चले गए थे। पिथौरागढ़ के वड्डा के निकट झौलखेत में पूर्व सीएम एवं सांसद भगत सिंह कोश्यारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के बड़े नेता चंद्रभानु जोशी , पूर्व जिला महामंत्री डीडी उपाध्याय, जिलाध्यक्ष कांग्रेस सेवादल मंगल सिंह माहरा, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष जीवन चंद्र द्विवेदी सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *